दरियापुर, 4 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं फतेहाबाद जिला प्रभारी गोपाल शर्मा ने गांव दरियापुर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन इंद्र गावड़ी के प्रतिष्ठान पारस रिसोर्ट्स में पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ जलपान किया। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
इससे पूर्व प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा ने अल्फा सिटी में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदीश राय शर्मा के निवास स्थान पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ रात्रि भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा, चेयरमैन भारतभूषण मिढ़ा, जिला उपाध्यक्ष जगदीश राय शर्मा, जिला महामंत्री अशोक जाखड़, कोषाध्यक्ष रामकुमार मेहरा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डा. सुमन बजाज, बिट्टू गुर्जर, संदीप जनागल, अमृतपाल खुम्बर, रामेहर धारसूल तथा जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान गोपाल शर्मा ने क्षेत्र के ग्रामीणों एवं किसान भाइयों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने किसानों से खेती-किसानी, फसलों, ग्रामीण विकास तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर आत्मीय संवाद किया और उनकी बातों को गंभीरता से सुना।

गोपाल शर्मा ने कहा कि किसान हमारे देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं। किसानों की मेहनत, समर्पण और परिश्रम से ही देश की प्रगति एवं समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण एवं उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से मिले तथा कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग के बीच रहकर उनकी समस्याओं और सुझावों को जानने का प्रयास करता है। संगठन की मजबूती का आधार कार्यकर्ताओं का समर्पण और जनता से सीधा संवाद है।
जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, गरीब, युवा और महिलाओं सहित प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।





