नई दिल्ली, 4 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): फ्लायदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट हमले के दौरान यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सराहना की है। फोन पर बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने उन्हें सच्चा हीरो बताया और इजराइल आने का निमंत्रण भी दिया।
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर कॉकपिट में हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। फ्लाइट में 174 लोग सवार थे।
घटना के बाद कैप्टन मच्छार की सूझबूझ और साहस की भारत और इजराइल दोनों में प्रशंसा हो रही है। इजराइली अधिकारियों ने भी उनकी भूमिका को अहम बताते हुए सम्मान देने की तैयारी की है। मच्छार फिलहाल अबूधाबी में उपचाराधीन हैं और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।





