Wednesday, November 4, 2026
HomePatialaनशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध...

नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध है पंजाब पुलिस: डी.आई.जी. कुलदीप सिंह चहल

पटियाला, 21 अक्टूबर, 2026 (जगजीत सिंह): पुलिस शहीदी दिवस के अवसर पर पटियाला जिला पुलिस ने पुलिस लाइन स्थित शहीदी स्मारक पर जिला पुलिस प्रमुख एसएसपी हरमंदीप हांस के नेतृत्व में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस शहीदी स्मृति समारोह में डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चहल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि आज हम उन बहादुर पुलिस जवानों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की जान-माल की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में पंजाब पुलिस नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल और अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमरीश कुमार भी उपस्थित थे।

डीआईजी कुलदीप सिंह चहल ने पुलिस के अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि इन महान शहीदों का बलिदान हमेशा पुलिस बल के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर का दिन भारत के पुलिस इतिहास में विशेष महत्व रखता है। वर्ष 1959 में इसी दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सेना के हमले के दौरान शहीद हुए पुलिस जवानों की स्मृति में पुलिस शहीदी दिवस मनाया जाता है।

डीआईजी चहल ने बताया कि पंजाब में अमन-शांति बहाल करने के लिए आतंकवाद के काले दौर के दौरान समाज विरोधी तत्वों से लड़ते हुए पंजाब पुलिस के 1,784 जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। इनमें पटियाला रेंज के 157 शहीद शामिल हैं, जबकि अकेले पटियाला जिला पुलिस के 66 अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि पुलिस के जवान हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का पालन करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इस अवसर पर एसएसपी हरमंदीप हांस ने धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि जिला पुलिस शहीदों के परिवारों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी है और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पटियाला पुलिस जिले में नशे और अपराधों के उन्मूलन, अमन-शांति बनाए रखने तथा आम नागरिकों की जान-माल की रक्षा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

समारोह के दौरान शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए गए और शहीद पुलिस कर्मियों के चित्रों के समक्ष फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई। परेड कमांडर डीएसपी फतेह सिंह बराड़ के नेतृत्व में पुलिस टुकड़ी ने शोक सलामी दी तथा शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान डीएसपी बनूड़ सुखदेव सिंह ने पिछले एक वर्ष के दौरान देशभर में शहीद हुए पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों के नाम पढ़कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर डीआईजी कुलदीप सिंह चहल, उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल और एसएसपी हरमंदीप हांस ने शहीद पुलिस कर्मियों के परिवारों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया और पावर हाउस यूथ क्लब के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर तथा आंखों और दांतों की निःशुल्क जांच शिविर का उद्घाटन भी किया।

समारोह में सिवल जज रविंदर सिंह राणा, पूर्व आईजी अमर सिंह चहल, एसपी मोहित अग्रवाल, राजेश छिब्बर और अशोक कुमार सहित पूर्व पुलिस अधिकारी मनजीत सिंह बराड़, सुखदेव सिंह विर्क, चंद सिंह और नाहर सिंह उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त पंजाब पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह और भूपिंदर सिंह, अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों ने भी समारोह में भाग लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments