भिवानी के भीम स्टेडियम में सजेगा चैंपियनों का मंच, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे खिलाड़ियों को सम्मानित
भिवानी, 25 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की खेल नीति और खिलाड़ियों की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से आगामी 30 अक्टूबर को भिवानी के भीम स्टेडियम में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में जापान में आयोजित एशियाई और पैरा एशियाई खेलों-2026 के पदक विजेता तथा प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरियों से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे और अपने हाथों से खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। वहीं, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
खिलाड़ियों पर होगी पुरस्कारों की बारिश
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में कोई कमी नहीं छोड़ रही है। इस राज्य स्तरीय समारोह में खिलाड़ियों के बीच 185 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि एशियाई खेलों के 134 खिलाड़ियों को लगभग 133 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इन खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 32 पदक देश की झोली में डाले थे। इनमें 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पैरा एशियाई खेलों के 37 पैरा खिलाड़ियों को लगभग 52 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इन खेलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 पदक जीते थे। इनमें 9 स्वर्ण, 9 रजत और 14 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों से राज्य और देश का नाम रोशन हुआ है।
देशभर में सबसे बेहतर है हरियाणा की खेल नीति
गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति आज पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ और अनुकरणीय मानी जाती है। राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाएं, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और समय पर दिए जाने वाले बड़े नकद पुरस्कार युवाओं को लगातार खेलों के प्रति प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मजबूत खेल नीति और खिलाड़ियों की अथक मेहनत का ही परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए बड़ी संख्या में पदक जीतते आ रहे हैं।
डबल इंजन सरकार के विजन से खेलों और खिलाड़ियों का हो रहा सर्वांगीण विकास
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ विजन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा का खेल ढांचा और अधिक मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा के लिए सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।






