जरूरतमंदों को जल्द मिलेगी कच्चे मकानों को पक्का करने की सुविधा: विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर
पातड़ां/घग्गा, 25 अक्टूबर 2026 (जगजीत सिंह): हलका शुतराणा के विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने हलके के गांव रसौली में पंजाब सरकार की ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत 350 जरूरतमंद परिवारों को मालिकाना हक प्रदान करने के लिए प्रमाणपत्र वितरित किए।
इस अवसर पर गांववासियों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने कहा कि हलके के लोगों ने उन पर विश्वास जताते हुए भारी अंतर से जीत दिलाकर विधानसभा में भेजा है। इस विश्वास को कायम रखते हुए उन्होंने शुतराणा हलके की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के समक्ष मुद्दे उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि घग्गर नदी से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए स्थायी समाधान, पातड़ां शहर में नई अनाज मंडी, किसानों को नहरी पानी की सुविधा, हलके में सड़कों का विस्तार तथा गांवों के युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए खेल स्टेडियम बनवाने जैसे कार्यों के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि शुतराणा हलके में कई परिवारों के मकान अभी भी जर्जर हालत में हैं। ऐसे जरूरतमंद परिवारों को जल्द ही कच्चे मकानों को पक्का बनाने के लिए सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि ग्रामीण अपने घरों को सुरक्षित और पक्का बना सकें।
इस मौके पर गांव रसौली के सरपंच जगसीर सिंह, शुतराणा हलका राजपूत बोर्ड के चेयरमैन ईश्वर राणा, ब्लॉक प्रधान जगसीर सिंह धालीवाल, युवराज सिंह बाठ, नरेंद्र सिंह, फौजी राम, पंकज सिंह, सुनील कुमार, गुरतेज सिंह, कपूर चंद, संतोख सिंह, जसवंत सिंह, सुरजीत सिंह, गुरमीत सिंह, हरदीप सिंह, निर्मल सिंह, गुरपाल सिंह, नाजर सिंह, नफे सिंह, जसकरण सिंह, मनजीत सिंह, दर्शन सिंह, अमरीक सिंह, निर्भय सिंह और सुखपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित रहे।






