जालंधर, 28 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बर्लटन पार्क में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का उद्घाटन करते हुए कहा कि पंजाब अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपना पुराना गौरव हासिल करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि राज्य 2030 में होने वाले हॉकी विश्व कप की मेजबानी की तैयारियों में जुटा है। टूर्नामेंट के सभी लीग मुकाबले जालंधर में, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में खेले जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लगातार दो कांस्य पदक जीतने से देश में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ा है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम में पंजाब के आठ खिलाड़ी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री मान ने जालंधर और आसपास के गांवों की हॉकी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि संसारपुर, खुसरोपुर और मिट्ठापुर जैसे गांवों ने देश को कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में 3,000 से अधिक खेल मैदान विकसित करने तथा 14 उत्कृष्टता केंद्रों में 1,870 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की जानकारी भी दी। ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ में छह लाख से अधिक खिलाड़ियों के पंजीकरण को उन्होंने राज्य में बढ़ती खेल भागीदारी का संकेत बताया।






