पटियाला, 29 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): जिला परिषद पटियाला के हाउस की विशेष बैठक जिला परिषद के चेयरमैन गुरदेव सिंह टिवाणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
चेयरमैन टिवाणा ने बताया कि बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही जिला परिषद पटियाला द्वारा 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त अनुदान से करवाए जाने वाले विकास कार्यों की भी विशेष रूप से समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि जिन विकास कार्यों को अभी पूरा किया जाना बाकी है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
चेयरमैन गुरदेव सिंह टिवाणा ने जिला परिषद के सभी सदस्यों से कहा कि भविष्य में 16वें वित्त आयोग के तहत जिले को मिलने वाले अनुदान को ध्यान में रखते हुए वे अपने-अपने जोन के अंतर्गत आने वाले गांवों में करवाए जाने वाले विकास कार्यों की पहचान कर उनके प्रस्ताव पहले से ही तैयार कर लें, ताकि धनराशि उपलब्ध होने पर संबंधित कार्यों के लिए बिना किसी देरी के अनुदान जारी किया जा सके।
बैठक में जिला परिषद के सदस्यों के अलावा आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान एवं इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन हरपाल सिंह विर्क, वाइस चेयरपर्सन बिंदर कौर, ब्लॉक समिति भुनरहेड़ी के चेयरमैन चरणजीत सिंह, राजपुरा के चेयरमैन बलविंदर सिंह, पटियाला ग्रामीण ब्लॉक समिति के चेयरमैन गुरविंदर सिंह, ब्लॉक समिति पातड़ां की चेयरपर्सन परमजीत कौर, ब्लॉक समिति घनौर की चेयरपर्सन गुरदीप कौर तथा ब्लॉक समिति पटियाला की चेयरपर्सन सरबजीत कौर उपस्थित थीं। इस अवसर पर जिला परिषद की डिप्टी सीईओ अमनदीप कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।






