Wednesday, November 4, 2026
HomePatialaभगवंत मान सरकार ने पंजाब को शिक्षा के क्षेत्र में देश का...

भगवंत मान सरकार ने पंजाब को शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाया: हरपाल सिंह चीमा

भादसों, 30 अक्टूबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाया है।

वित्त मंत्री ने आज स्कूल ऑफ एमिनेंस, भादसों में करतार कंबाइन एंड ट्रैक्टर्स इंडस्ट्री द्वारा 1.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सरदार दौलत सिंह लोटे मेमोरियल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विद्यार्थियों को समर्पित किया। इस अवसर पर करतार एग्रो के एमडी एवं चेयरमैन अमरजीत सिंह लोटे, नाभा के विधायक गुरदेव सिंह देव मान, करतार एग्रो के निदेशक हरविंदर सिंह लोटे, हरमीत सिंह लोटे, मनजीत सिंह लोटे, मनप्रीत सिंह लोटे, सुखदेव सिंह लोटे, इंदरजीत सिंह लोटे तथा फीको के अध्यक्ष गुरमीत सिंह कुलार भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने करतार एग्रो द्वारा समाजसेवा, विशेषकर शिक्षा के क्षेत्र में दिए जा रहे योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि करतार एग्रो कंबाइन हार्वेस्टर बनाने वाली एक प्रतिष्ठित कंपनी है, लेकिन कृषि क्षेत्र में योगदान देने के साथ-साथ कंपनी ने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार के साथ मिलकर महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि यदि अन्य औद्योगिक घराने भी करतार एग्रो की तरह समाजसेवा के कार्यों में आगे आएं, तो यह समाज के लिए सोने पर सुहागा होगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है। इसी का परिणाम है कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। राज्य में स्थापित किए जा रहे स्कूल ऑफ एमिनेंस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पंजाब के सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट, 361 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स और 64 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड की परीक्षा उत्तीर्ण की है।

उन्होंने बताया कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने पहली से 12वीं कक्षा तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को एक प्रमुख विषय के रूप में शामिल किया है। इसके अलावा, नीति आयोग की ‘शिक्षा गुणवत्ता रिपोर्ट 2026’ में पंजाब को देश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल किया गया है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी ‘परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स 2.0’ (राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 2024-25) में भी पंजाब देश के अग्रणी प्रदर्शन करने वाले राज्यों में उभरा है।

हरपाल सिंह चीमा ने उम्मीद जताई कि जिस प्रकार पंजाब सरकार ने राज्य में 3,000 से अधिक खेल मैदान बनाकर युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के प्रयास किए हैं, उसी प्रकार भादसों में स्थापित सरदार दौलत सिंह लोटे मेमोरियल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बेहतर सुविधाएं और अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा।

इस अवसर पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, विधायक गुरदेव सिंह देव मान, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गुरसेवक सिंह, स्कूल के प्रिंसिपल प्रीतिंदर घई और जिला शिक्षा अधिकारी ममता खुराना ने अमरजीत सिंह लोटे को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी और लोटे परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा स्कूल ऑफ एमिनेंस, भादसों में सरदार दौलत सिंह लोटे मेमोरियल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करते हुए। उनके साथ विधायक गुरदेव सिंह देव मान, करतार एग्रो के एमडी एवं चेयरमैन अमरजीत सिंह लोटे तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments