पटियाला, 2 नवंबर 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य जसवीर सिंह सेखों ने पटियाला में मेरी रसोई, मिड-डे मील योजना तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाए जाने वाले सामान और भोजन की भंडारण व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त नवरीत कौर सेखों, डीएफएससी रविंदर कौर और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने पटियाला के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, सिविल लाइंस का दौरा भी किया।
अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान जसवीर सिंह सेखों ने निर्देश दिए कि सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पानी की नियमित जांच करवाई जाए और आरओ सिस्टम लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाई जा रही इस मुहिम को लोगों की ओर से भरपूर समर्थन मिल रहा है।
सेखों ने कहा कि स्कूलों में लगाए गए आरओ सिस्टम पूरी तरह चालू हालत में होने चाहिए, ताकि बच्चों को साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूलों में साफ-सफाई के मामले में आयोग बेहद गंभीर है। इसलिए स्कूलों के भोजन कक्षों और डाइनिंग एरिया की नियमित रूप से जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों में मिड-डे मील के दौरान बच्चों को दिए जाने वाले सलाद में खीरा, ग्वार की फलियां और शिमला मिर्च जैसी पौष्टिक सब्जियां शामिल की जाएं, ताकि बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार मिल सके। इसके अलावा उन्होंने स्कूल परिसरों में तुलसी, अश्वगंधा, एलोवेरा और आंवले के पौधे लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान जसवीर सिंह सेखों ने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को मिड-डे मील और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाए जाने वाले भोजन तथा अन्य सामान की लगातार जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पोषण संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि आयोग का उद्देश्य बच्चों सहित सभी लाभार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करना है।






