Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaग्रामीण क्षेत्र में सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता : सुभाष...

ग्रामीण क्षेत्र में सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता : सुभाष बराला


टोहाना, 2 नवंबर , 2026 (संजीव शर्मा):
 राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और गांवों में शहरों के समान मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने सोमवार को टोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव डांगरा में लगभग 1 करोड़ 24 लाख 40 हजार रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें आरईएस स्कीम के तहत 38 लाख 40 हजार रुपये की लागत से निर्मित 10 दुकानें, 50 लाख रुपये की लागत से फिरनी सड़क, 31 लाख रुपये की लागत से पशु चिकित्सालय व 5 लाख रुपये की लागत से तैयार पशु चिकित्सालय गेट शामिल हैं।

इस अवसर पर सांसद सुभाष बराला ने कहा कि इन परियोजनाओं से गांव में विकास को नई गति मिलेगी। फिरनी सड़क के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। पशु चिकित्सालय से किसानों एवं पशुपालकों को पशुओं के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी। वहीं, जिम हॉल युवाओं को खेल एवं व्यायाम के लिए प्रोत्साहित करेंगे तथा लाइब्रेरी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अध्ययन का बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाएगी।

सांसद सुभाष बराला ने कहा कि सरकार गांवों में पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी, गलियों एवं नालियों के निर्माण, स्ट्रीट लाइट, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विकास का वास्तविक उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करवाना नहीं, बल्कि आमजन के जीवन को सुविधाजनक बनाना और प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से गांव आत्मनिर्भर और सशक्त बनेंगे।

सांसद सुभाष बराला ने कहा कि ग्रामीण विकास प्रदेश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। गांवों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों का जीवन स्तर सुधरेगा और गांव भी विकास की दौड़ में शहरों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेंगे।

इस अवसर पर डीडीपीओ अनूप सिंह, बीडीपीओ राहुल श्योकंद, एसडीओ बलवान सिंह, सरपंच उर्मिला मुंड, कुलदीप डांगरा, परवीन पंच, मंजीत पंच, पूर्व चेयरमैन सुरजीत, जगदीप बराला, बलराज नंबरदार, बलराज सेलवाल, सुभाष कुंडू, जयबीर मूंड सहित अधिकारीगण और ग्रामवासी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments