पंचकूला, 11 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार के करीब 2 हजार सरकारी कर्मचारियों को वेतन संबंधी बड़ी राहत मिलने जा रही है। लंबे समय से वरिष्ठ कर्मचारियों और उनके जूनियर के बीच चल रहे वेतन अंतर को दूर करने के लिए सरकार ने वेतन स्टेपिंग-अप का लाभ देने का फैसला किया है। इसके तहत पात्र वरिष्ठ कर्मचारियों का वेतन उनके जूनियर कर्मचारियों के बराबर किया जाएगा।
इसका लाभ 11 मार्च से लागू माना जाएगा। कर्मचारियों को इस अवधि का बकाया एरियर भी दिया जाएगा, जिसके भुगतान के लिए छह महीने की समय-सीमा तय की गई है। इस फैसले का लाभ वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को भी मिलेगा। दिवंगत कर्मचारियों के मामलों में वेतन स्टेपिंग-अप का लाभ नॉशनल आधार पर दिया जाएगा।







