Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaविष्णुदत्त का धनपत सिंह सांगी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026 के लिए चयन

विष्णुदत्त का धनपत सिंह सांगी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026 के लिए चयन

सांग हरियाणा की सांस्कृतिक चेतना, लोक जीवन और समृद्ध परंपराओं की पहचान: डॉ. आदित्य दहिया

हरियाणा, 11 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा की समृद्ध लोक नाट्य परंपरा सांग को समर्पित प्रतिष्ठित श्री धनपत सिंह सांगी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2026 के लिए प्रसिद्ध सांगी पंडित लख्मीचंद के पोते श्री विष्णुदत्त का चयन किया गया है। उन्हें एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि हरियाणा की लोक संस्कृति में सांग का विशेष स्थान है। यह केवल मनोरंजन की विधा नहीं, बल्कि लोक जीवन, सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम रहा है। सांग की इसी गौरवशाली विरासत के संरक्षण और कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा हर वर्ष राज्य स्तरीय सांग महोत्सव का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 का राज्य स्तरीय सांग महोत्सव 23 से 27 फरवरी, 2026 तक हरियाणा कला परिषद, कुरुक्षेत्र के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। पांच दिवसीय इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न सांग कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणा की पारंपरिक लोक नाट्य शैली, लोक संगीत, अभिनय और संवाद अदायगी की समृद्ध झलक प्रस्तुत की।

डॉ. दहिया ने बताया कि पुरस्कार के लिए निर्धारित मूल्यांकन प्रक्रिया अपनाई गई। इसके तहत समीक्षा समिति ने कलाकारों की मंचीय प्रस्तुतियों का मूल्यांकन 60 अंकों के आधार पर किया, जबकि चयन समिति ने उनके दस्तावेजों और जीवन परिचय का मूल्यांकन 40 अंकों के आधार पर किया। दोनों समितियों के संयुक्त मूल्यांकन के बाद श्री विष्णुदत्त का इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयन किया गया।

पंडित लख्मीचंद की गौरवशाली सांग परंपरा से जुड़ा है विष्णुदत्त का नाम

डॉ. आदित्य दहिया ने कहा कि हरियाणा की लोक नाट्य परंपरा में पंडित लख्मीचंद का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अपनी रचनाओं, लोकगीतों और सांग प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणवी लोक साहित्य को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। उनकी रचनाओं में लोक जीवन की संवेदनाओं, सामाजिक सरोकारों, नैतिक मूल्यों और मानवीय रिश्तों की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है।

उन्होंने कहा कि पंडित लख्मीचंद के पोते श्री विष्णुदत्त का इस सम्मान के लिए चयन होना हरियाणा की उस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है, जिसने लोक कला और लोक भाषा को प्रदेश की विशिष्ट पहचान प्रदान की है।

लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि चयनित श्री विष्णुदत्त को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, राज्य स्तरीय सांग महोत्सव में भाग लेने वाले अन्य कलाकारों को प्रति प्रस्तुति 30 हजार रुपये मानदेय दिया गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश की पारंपरिक लोक कलाओं के संरक्षण, प्रोत्साहन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग का उद्देश्य वरिष्ठ लोक कलाकारों के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।

डॉ. दहिया ने कहा कि सांग हरियाणा की लोक आत्मा की अभिव्यक्ति है। इस परंपरा को जीवंत बनाए रखना हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों और सम्मानों के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध लोक नाट्य विरासत को नई पहचान मिलती रहेगी और कलाकारों को निरंतर प्रोत्साहन मिलता रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments