कुरुक्षेत्र, 12 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. गिरीश नागपाल ने कहा कि जिले में धान की कटाई के बाद फसल अवशेषों (पराली) का उचित प्रबंधन कृषि और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। किसानों द्वारा पराली जलाने से जहां वायु प्रदूषण बढ़ता है, वहीं मिट्टी की उर्वरता और उसमें मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। धान की पराली के वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों को पराली न जलाने और इसके उचित उपयोग के वैकल्पिक तरीकों को अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, मल्चर और अन्य उपयुक्त आधुनिक कृषि मशीनों की सहायता से पराली का प्रबंधन करें। इन मशीनों के माध्यम से धान के फसल अवशेषों को खेत में ही मिट्टी में मिलाकर अगली फसल की बुवाई की जा सकती है।
इससे मिट्टी में जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ाने और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र जिले के किसानों को पराली प्रबंधन के लिए उपलब्ध कृषि मशीनों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। किसानों को कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र और अन्य संबंधित कृषि संस्थानों से तकनीकी जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त करना चाहिए। पराली के उचित प्रबंधन से न केवल वायु प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि जमीन की उर्वरता भी बरकरार रखी जा सकेगी। उन्होंने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेषों को आग लगाने के बजाय उनका वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से प्रबंधन करें तथा स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ कृषि प्रणाली के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।







