Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaविकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप देश का पहला विकसित राज्य बनेगा...

विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप देश का पहला विकसित राज्य बनेगा हरियाणा : नायब सिंह सैनी

Haryana CM Nayab Singh Saini announces six development projects worth ₹44.83 crore in Kurukshetra, reaffirming the state's ambition to become India's first developed state under the Viksit Bharat-2047 vision.

पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्र को 44 करोड़ 83 लाख रुपये की 6 विकास परियोजनाओं की सौगात

कुरुक्षेत्र/पिपली, 16 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप हरियाणा देश का सबसे पहला विकसित राज्य बने। सरकार जो कहती है, उसे धरातल पर लागू करके भी दिखा रही है। विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में शामिल 217 वादों में से 76 वादे केवल दो वर्षों में पूरे किए जा चुके हैं, जबकि शेष 141 वादों को पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य या क्षेत्र का विकास आम लोगों के दैनिक जीवन में मिलने वाली सुविधाओं और बदलावों से मापा जाता है। जब घर-आंगन से लेकर गांव की चौपाल तक विकास दिखाई देता है, तभी विकास का वादा हकीकत में बदलता है। जनसेवा हमारे लिए केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के प्रति हमारा कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री रविवार को जिला कुरुक्षेत्र के नीलधारी गुरुद्वारा पिपली साहिब में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्र को 44 करोड़ 83 लाख रुपये की छह विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 13 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से तैयार चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया तथा 31 करोड़ 47.40 लाख रुपये की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र हमारी सभ्यता, आस्था और जीवन दर्शन का केंद्र है। इसी पवित्र धरती से भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, कर्तव्य और लोक कल्याण का संदेश पूरी दुनिया को दिया था। आज शुरू की गई विकास परियोजनाएं उसी कर्म और संकल्प की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास हैं। उन्होंने बताया कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र के पिपली, बीड़ पिपली और पिपली-लाडवा रोड से सटी कॉलोनियों में 22 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से सीवरेज व्यवस्था तथा 6.50 एमएलडी क्षमता वाले पंपिंग स्टेशन का शिलान्यास किया गया है। इससे कई वर्षों से चली आ रही जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

उन्होंने कहा कि सेक्टर-28 और जोगना खेड़ा में 12 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनाए गए 33 केवी के दो बिजली सब-स्टेशन शुरू किए गए हैं। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत होगी। इसके अलावा मिर्जापुर और दयालपुर में उप-स्वास्थ्य केंद्र भी शुरू किए गए हैं। अब लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और गांवों में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि 9 करोड़ रुपये की लागत से केडीबी रोड का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। अब धर्मनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं का भव्य कुरुक्षेत्र गेट और उमरी गेट स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर काम किया जा रहा है। लाडवा में 50 बिस्तरों वाला नागरिक अस्पताल बनाया गया है। लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक जनता को समर्पित किया जा चुका है। रोहतक के बाद यह देश का दूसरा ऐसा रेलवे ट्रैक है। खेड़ी रामनगर में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी जारी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में 164 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिख संग्रहालय का शिलान्यास किया था और पांचजन्य की प्रतिकृति का उद्घाटन भी किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है, वे विकसित हरियाणा की दिशा में ठोस कदम हैं। इसमें जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र की जरूरतों और निर्माण कार्यों की स्थिति के बारे में प्रशासन को अवगत करवाते रहें, ताकि प्रत्येक समस्या का समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने पिपली, लाडवा, थानेसर और पूरे कुरुक्षेत्र के निवासियों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। हम सभी मिलकर ऐसा कुरुक्षेत्र बनाएंगे, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक पहचान भी पहले से अधिक मजबूत होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, भाजपा नेता जय भगवान शर्मा डीडी, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, चेयरपर्सन माफी ढांडा, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, प्रदेश अध्यक्ष अवनीत वडैच, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, मंडल अध्यक्ष अमरिंदर सिंह, महल अध्यक्ष शिव गुप्ता, पार्षद पंकज खन्ना, पार्षद मानक सिंह, सतनाम सिंह, दीप चंद सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

वर्ष 2035 तक विकसित भारत के लक्ष्य के तहत विकसित राज्य के रूप में उभरेगा हरियाणा : नवीन जिंदल

सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। इसी गति से हरियाणा वर्ष 2035 तक विकसित भारत के लक्ष्य के तहत एक विकसित राज्य के रूप में उभरेगा और दूसरे राज्य भी हरियाणा से प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर वर्ग के विकास के लिए योजनाएं तैयार कर रहे हैं और उन्हें जमीनी स्तर पर लागू भी किया जा रहा है। आज प्रदेश का हर वर्ग खुशहाल है और हरियाणा लगातार विकसित राज्य बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 10 गुना तेजी से हो रहे विकास कार्य : सुभाष सुधा

पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिपली विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। प्रदेश में विकास कार्य 10 गुना अधिक तेजी से करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की यात्रा उमरी पहुंचेगी। इस यात्रा का उमरी में भव्य और विशाल स्वागत किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से इस यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments