Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaगौशालाओं को सुविधाओं से लैस करने के लिए सरकार लगातार दे रही...

गौशालाओं को सुविधाओं से लैस करने के लिए सरकार लगातार दे रही है आर्थिक सहायता : रणबीर गंगवा

Haryana Cabinet Minister Ranbir Gangwa Distributes Grants Worth Over ₹1.69 Crore to 10 Gaushalas in Tohana; Highlights Government's Commitment to Cow Protection and Welfare.

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने टोहाना क्षेत्र की 10 गौशालाओं को 1 करोड़ 69 लाख 54 हजार रुपये से अधिक की अनुदान राशि के चेक वितरित किए

टोहाना, 16 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने श्री नंदी गौ सेवा समिति, टोहाना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टोहाना विधानसभा क्षेत्र की 10 गौशालाओं को अनुदान राशि के चेक वितरित किए। इन गौशालाओं को कुल 1 करोड़ 69 लाख 54 हजार 409 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंत्री रणबीर सिंह गंगवा और अन्य अतिथियों ने गौ मिठाई का केक काटकर तथा गौ सेवा करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार गौवंश की सुरक्षा, संरक्षण और बेसहारा पशुओं के उचित रखरखाव के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गौशालाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ वहां चारे, पानी, शेड और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गौशालाएं समाज में सेवा, दया और जीव कल्याण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गौ सेवा में जुटी संस्थाओं को सहयोग देना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने गौशाला संचालकों और गौ सेवकों से अपील की कि वे गौवंश की सुरक्षा और बेहतर देखभाल के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गौशालाओं को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

एसआईआर को लेकर विपक्ष फैला रहा भ्रम, लोग तथ्यों को समझकर करें विश्वास : रणबीर गंगवा

मंत्री रणबीर गंगवा ने विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कहा कि कांग्रेस और विपक्ष के कुछ नेता इस प्रक्रिया के बारे में गलत प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश में पहले भी कई बार इसे अपनाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अब तक देश में 12 बार एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस के शासनकाल और दो बार भाजपा के शासनकाल में यह प्रक्रिया लागू की गई। यह कार्य भारतीय निर्वाचन आयोग जैसी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाने के बजाय इसकी वास्तविक प्रक्रिया और तथ्यों को समझने की जरूरत है। उन्होंने बुद्धिजीवी वर्ग और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे समाज में सही जानकारी पहुंचाएं और किसी भी तरह के भ्रामक प्रचार से प्रभावित न हों। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग और न्यायपालिका जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास बनाए रखना जरूरी है। राजनीतिक दलों को भी लोगों में भ्रम पैदा करने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष रखना चाहिए।

गौशालाओं को आर्थिक सहायता मिलने से गौवंश की देखभाल के प्रबंध होंगे बेहतर : देवेंद्र बबली

पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गौशालाएं बेसहारा गौवंश को आश्रय देने के साथ-साथ समाज सेवा के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य कर रही हैं। गौशालाओं के सुचारू संचालन के लिए आर्थिक संसाधनों की अहम भूमिका होती है। सरकार की ओर से अनुदान राशि उपलब्ध करवाने से गौशाला प्रबंधकों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाने और गौवंश की उचित देखभाल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गौवंश के संरक्षण के लिए सरकार, सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों को मिलकर प्रयास करने चाहिए। यह केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि समाज के सामूहिक संकल्प और भागीदारी से जुड़ा हुआ है। इसलिए सामाजिक संगठनों, पंचायतों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं को अनुदान राशि के चेक वितरित करना गौ सेवा में जुटे लोगों के समर्पण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने गौ भक्तों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि वे गौवंश के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए इस अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाएं।

इन 10 गौशालाओं को मिली अनुदान राशि

कार्यक्रम के दौरान जिन 10 गौशालाओं को अनुदान राशि के चेक वितरित किए गए, उनका विवरण इस प्रकार है:

  1. श्री कृष्ण गौशाला समिति, जाखल मंडी – 22,64,009 रुपये।
  2. ज्योति पुंज गौशाला, टोहाना – 24,95,210 रुपये।
  3. गौ सेवा समिति, टोहाना – 17,58,566 रुपये।
  4. श्री कृष्ण गौशाला, टोहाना – 27,18,686 रुपये।
  5. श्री गणेशी बाई गौ सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट, सानियाणा – 3,58,665 रुपये।
  6. श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला समिति, थारवी – 8,02,859 रुपये।
  7. शिव नंदी गौ सेवा समिति, टोहाना – 36,33,008 रुपये।
  8. बाबा सिद्ध पीपल नाथ गौशाला, नांगली – 8,07,274 रुपये।
  9. बाबा श्याम पुरी आदर्श गौशाला, धारसूल – 10,76,549 रुपये।
  10. बाबा निहाल गिर गौ सेवा समिति, इंदाछोई – 10,39,579 रुपये।

इस अवसर पर मार्केट कमेटी टोहाना के चेयरमैन जंगजीत हुड्डा, मंडल प्रधान रमन मड़िया, संकेत गर्ग, पार्षद जॉनी मेहता, विकास ललौदा, रमेश गोयल, तारा चंद, गौशाला संचालन समिति के संयोजक धर्मपाल सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments