चंडीगढ़, 18 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): राज्यसभा सांसद श्री संजय भाटिया और व्यापार मेला प्राधिकरण की मुख्य प्रशासक श्रीमती ए. मोना श्रीनिवास ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बनाए गए हरियाणा पवेलियन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पूरे पवेलियन का बारीकी से निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर श्री संजय भाटिया ने कहा कि हरियाणा हर क्षेत्र में नंबर-1 है और इसकी झलक इस हरियाणा पवेलियन में भी देखने को मिल रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों को अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में पहुंचकर विरासत और विकास के इस अद्भुत संगम की झलकियां देखने का निमंत्रण दिया।
राज्यसभा सांसद श्री संजय भाटिया ने कहा कि वह कई वर्षों बाद व्यापार मेले में आए हैं। इससे पहले वह स्कूल के समय बच्चों के साथ भ्रमण के दौरान यहां आए थे। आज हरियाणा पवेलियन में आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा हर क्षेत्र में नंबर एक है। वर्ष 1966 में हरियाणा के गठन के बाद से लगातार लोगों के जीवन स्तर में बदलाव आया है और लोग खुशहाल हो रहे हैं। तकनीक के मामले में भी हरियाणा का कोई मुकाबला नहीं है।
निर्यात के क्षेत्र में पानीपत की अलग पहचान
सांसद श्री संजय भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों के अनुसार मेले में एक्सपोर्ट कॉर्नर बनाया गया है। यह बेहद सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि उनका जन्मस्थान पानीपत है, जो विभिन्न उत्पादों के निर्यात के लिए जाना जाता है। टेक्सटाइल निर्यात के मामले में पानीपत का भारत में महत्वपूर्ण स्थान है। पवेलियन में उन्होंने फरीदाबाद और गुरुग्राम के अनेक उत्पाद भी देखे।
उन्होंने बताया कि वह करनाल लोकसभा क्षेत्र का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहां का बासमती चावल, जिसकी खुशबू पूरी दुनिया में फैली हुई है, उसे भी आज पवेलियन में प्रदर्शित किया गया है। हरियाणा पवेलियन में कृषि और निर्यात के संयोजन पर सांसद श्री संजय भाटिया ने कहा कि इस बार बहुत सोच-समझकर यह बेहतरीन तालमेल तैयार किया गया है। हरियाणा ने अपनी विरासत को भी संभालकर रखा है और आने वाली दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है।
हरियाणा पवेलियन में प्रदेश के इतिहास से लेकर आज के विकास तक की झलक दिखाई गई: ए. मोना श्रीनिवास
हरियाणा व्यापार मेला प्राधिकरण की मुख्य प्रशासक श्रीमती ए. मोना श्रीनिवास ने कहा कि इस वर्ष व्यापार मेले की थीम “विकास और विरासत” है, जिसे हरियाणा पवेलियन में बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है। हरियाणा की आध्यात्मिक और धार्मिक विरासत के साथ-साथ इसका इतिहास भी बहुत पुराना है। पवेलियन में राखीगढ़ी की मुहरों (सीलों) से लेकर विकास की गति के साथ आज के आधुनिक हरियाणा तक के सफर को दर्शाया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सोच है कि हरियाणा अपनी पुरानी धरोहर, सांस्कृतिक मूल्यों और आध्यात्मिक परंपराओं को संजोकर आगे बढ़े। हरियाणा की अपनी एक विकास गाथा (ग्रोथ स्टोरी) है, जिससे पूरी दुनिया परिचित है। चाहे उद्योग का क्षेत्र हो, कृषि हो या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इन सभी क्षेत्रों में प्रदेश की उपलब्धियों को भी पवेलियन में प्रदर्शित किया गया है।
प्रदेश की विकास गाथा के बारे में दूसरों को भी बताएं
मुख्य प्रशासक श्रीमती ए. मोना श्रीनिवास ने कहा कि आज हमारा किसान केवल खेतों में ही काम नहीं करता, बल्कि अपने मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से मौसम की जानकारी भी प्राप्त करता है और अपने उत्पादों को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करता है। कृषि और उद्योग के साथ तकनीक का यही संगम “विकास और विरासत” की थीम को बखूबी प्रदर्शित करता है।
उन्होंने बताया कि पवेलियन में दर्शकों के लिए क्विज बूथ बनाया गया है। इसके साथ ही एक फोटो बूथ भी तैयार किया गया है, जहां लोग हरियाणा के खेल सितारों के साथ तस्वीरें खिंचवा सकते हैं।
उन्होंने सभी लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे हरियाणा पवेलियन में जरूर आएं, यहां आयोजित सभी इंटरैक्टिव गतिविधियों में हिस्सा लें, प्रदेश की उपलब्धियों और विशेषताओं को देखें तथा हरियाणा के बारे में जानकारी प्राप्त करें। साथ ही उन्होंने लोगों से प्रदेश की विकास गाथा के बारे में दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।







