Wednesday, November 18, 2026
HomeHaryanaअंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2026 में इस बार ज्योतिसर तीर्थ पर भी होंगे...

अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2026 में इस बार ज्योतिसर तीर्थ पर भी होंगे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

कुरुक्षेत्र 18 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा):  कुरुक्षेत्र की धरा पर मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार महोत्सव को और अधिक भव्य और दिव्य बनाने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। महोत्सव के इतिहास में पहली बार गीता की जन्मस्थली ज्योतिसर तीर्थ पर भी भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में होते थे, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ज्योतिसर में भी अलौकिक अनुभव मिलेगा।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक आदित्य दहिया ने आज चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज सेतिया और केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल उपस्थित रहे। महानिदेशक दहिया ने निर्देश दिए कि गीता जयंती महोत्सव केवल एक मेला नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति और गीता के संदेश को पूरी दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम है। इसलिए सभी तैयारियां अंतरराष्ट्रीय स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन इस बार 5 नवंबर से 25 नवंबर तक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 14 नवंबर से 20 नवंबर तक ब्रह्मसरोवर और ज्योतिसर पर मुख्य कार्यक्रम होंगे। इन 7 दिनों में हरियाणा पवेलियन, सरस मेला, शिल्प मेला, गीता सेमिनार और भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। लाइट एंड साउंड शो, भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप दर्शन के साथ-साथ शाम के समय सांस्कृतिक मंच पर प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजन, गीता पर आधारित नृत्य नाटिकाएं और हरियाणवी लोक संस्कृति की प्रस्तुति आयोजित की जाएंगी। महानिदेशक आदित्य दहिया ने निर्देश दिए कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि देश-विदेश से अधिक से अधिक श्रद्धालु कुरुक्षेत्र पहुंचें। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार किया जाए।
देश-विदेश के कलाकार बिखेरेंगे जलवा
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश के प्रसिद्ध सूफी गायक, बॉलीवुड सिंगर, हरियाणवी लोक कलाकार और विदेशी सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। इस बार गीता पर आधारित थीम पर ही सभी प्रस्तुतियां होंगी। उन्होंने कहा कि ज्योतिसर तीर्थ पर पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। ज्योतिसर पर होने वाले कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण ब्रह्मसरोवर पर लगी एलईडी स्क्रीन पर भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव में इस बार गीता के 18 अध्यायों पर आधारित 18 द्वार बनाए जाएंगे और थीम पवेलियन में गीता के संदेश को आधुनिक तकनीक के माध्यम से दिखाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments