अब तक 1,942 गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर किए जा चुके हैं सुपुर्द : एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल
संगरूर, 10 जुलाई, 2026 : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संगरूर डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल (आईपीएस) ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस संगरूर द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल लोगों का कीमती सामान वापस मिल रहा है, बल्कि उनके आर्थिक नुकसान की भरपाई में भी संगरूर पुलिस महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
एसएसपी ने बताया कि श्री दविंदर अत्तरी, पीपीएस, पुलिस कप्तान (जांच), संगरूर के पर्यवेक्षण तथा श्री सुखदेव सिंह बराड़, पीपीएस, उप पुलिस कप्तान (जांच), संगरूर की निगरानी में थाना साइबर क्राइम संगरूर की टीम ने इस अभियान के तहत आज 103 गुम हुए मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी सीईआईआर पोर्टल की सहायता से 1,839 गुम हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इस प्रकार संगरूर पुलिस अब तक कुल 1,942 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप चुकी है।
डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल ने कहा कि संगरूर पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए 24 घंटे पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाता है, तो वह तुरंत सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराए या अपने नजदीकी पुलिस सांझ केंद्र से संपर्क करे, ताकि गुम हुए मोबाइल फोन को जल्द से जल्द ट्रेस कर उसके वास्तविक मालिक को वापस दिलाया जा सके।