संगरूर, 15 जुलाई 2026: पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जिला प्रशासन संगरूर और जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, संगरूर द्वारा 20 जुलाई 2026 को महाराजा पैलेस, सुनाम ऊधम सिंह वाला में सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में लगभग 3,000 विभिन्न पदों पर योग्य उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण अधिकारी श्रीमती सिम्पी सिंगला ने बताया कि इस मेगा रोजगार मेले में 60 से अधिक प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्र की निजी कंपनियां भाग लेंगी। इनमें हीरो साइकिल, सोनालिका, सेगा (SEGA), वर्धमान, आईसीआईसीआई बैंक, अवानी, केआरबीएल, गोबिंद मोटर्स, एपी ऑर्गेनिक, एक्सिस बैंक, मैक्स ऑटो सहित कई प्रमुख कंपनियां शामिल हैं, जो करीब 3,000 रिक्त पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगी।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई या डिप्लोमा होल्डर होनी चाहिए। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी आवश्यक है।






