25 जुलाई,2026 (बलजीत सरना): पंजाब में मानसून की वापसी के साथ मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। शनिवार सुबह से ही राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पठानकोट और जालंधर में सुबह से बारिश हो रही है, जबकि मोहाली में हल्की बूंदाबांदी के कारण मौसम सुहावना हो गया।
कपूरथला में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान कपूरथला में सबसे अधिक 40.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, लेकिन शनिवार की बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। फरीदकोट 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पंजाब का सबसे गर्म शहर रहा।
आने वाले दिनों में बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है।
- 25 जुलाई: राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
- 26 जुलाई: बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आने की संभावना है।
- 27 जुलाई: मानसून फिर से जोर पकड़ सकता है।
- 28 और 29 जुलाई: पंजाब और चंडीगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
- 30 जुलाई: हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।






