27 जुलाई, 2026 (बलजीत सरना): जालंधर में वाल्मीकि संगठनों की ओर से बुलाए गए पंजाब बंद का असर सोमवार को देखने को मिला। शहर के शेखां बाजार, किशनपुरा समेत कई इलाकों में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर प्रदर्शन का समर्थन किया। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
एस.पी. आकृति जैन ने बताया कि वाल्मीकि समाज की ओर से भगवान वाल्मीकि चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि संगठनों ने भी शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का आश्वासन दिया है।
वाल्मीकि समाज की मुख्य मांग बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।






