4 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा के नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को राज्य स्तरीय समिति (एस.एल.सी.) की बैठक हुई, जिसमें नारायणगढ़-2031, कुरुक्षेत्र-2041, नारनौल-2041 और पानीपत-2041 विकास योजनाओं पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाएं भविष्य की आबादी, आधुनिक सुविधाओं, पर्यावरण संतुलन, बेहतर यातायात और टिकाऊ शहरी विकास को ध्यान में रखकर तैयार की जाएं। उन्होंने सीवरेज, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, बिजली व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को योजनाओं में शामिल करने पर जोर दिया। नारायणगढ़ में 6 नए आवासीय सेक्टर विकसित करने की योजना है, जबकि नारनौल में 20 आवासीय सेक्टरों के साथ लॉजिस्टिक्स हब के अनुरूप औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। कुरुक्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए ज्योतिसर क्षेत्र, सरस्वती नदी और हरित क्षेत्रों के विकास पर ध्यान दिया जाएगा। पानीपत योजना में नए आवासीय क्षेत्रों, सड़क नेटवर्क, एस.टी.पी और औद्योगिक विकास पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने पानीपत-शामली नेशनल हाईवे के किनारे औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए।






