फतेहाबाद, 11 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की वाराणसी स्थित पावन जन्मस्थली की पवित्र माटी से युक्त कलश की भारतीय जनता पार्टी, नगर मंडल फतेहाबाद द्वारा सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा का आयोजन जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कलश यात्रा भाजपा जिला कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होते हुए श्याम मंदिर, तहसील चौक पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने गुरु रविदास जी महाराज के जयकारे लगाए। शहरवासियों ने भी कलश यात्रा का स्वागत किया और पवित्र माटी के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। तहसील चौक स्थित श्याम मंदिर परिसर में विधिवत रूप से पवित्र कलश की स्थापना की गई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने समाज को समानता, समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। वाराणसी की पवित्र माटी का कलश फतेहाबाद पहुंचना जिले के लिए गौरव और श्रद्धा का विषय है।
जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की वाराणसी स्थित पवित्र जन्मस्थली की माटी से युक्त कलश को जिले के प्रत्येक मंडल में पहुंचाया जा रहा है। प्रत्येक मंडल में पवित्र माटी कलश की यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजन भी श्रद्धापूर्वक भाग ले रहे हैं।
कलश यात्रा में चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा, नगर मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, पार्षद जगदीश नायक, इंद्र गावड़ी, नगर परिषद वाइस चेयरमैन सविता टूटेजा, रामकुमार मेहरा, शम्मी ढींगड़ा, रणजीत ओड, सुलतान नायक, सुरेंद्र बिश्नोई, राजेश जांगड़ा, रजत खांडा, भूपसिंह सिगड़, बनवारी लाल गहलोत, नवीश सचदेवा, नीलांशी शर्मा, भारती सचदेवा, रवि शर्मा, दीपक मिश्रा, अवतार सिंह मोंगा, विनोद सिंगीकाट, राजकुमार सुरा, दीक्षित असीजा, रमन सरोवा, रुप मालती सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।






