टोहाना, 13 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर वीरवार को लघु सचिवालय परिसर में फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य उपमंडल स्तरीय समारोह में हिसार विधायक सावित्री जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी।
फाइनल रिहर्सल के दौरान एसडीएम आकाश शर्मा एवं डीएसपी जयभगवान ने समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न गतिविधियों के प्रभारी शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
रिहर्सल के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ परेड में भाग लिया। विद्यार्थियों की सुसंगठित कदमताल एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। बैंड दलों की मधुर धुनों के बीच आयोजित मार्च पास्ट ने समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल में छात्र-छात्राओं द्वारा पीटी शो, डम्बल शो, परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदाछोई, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना मंडी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना, डीएवी स्कूल टोहाना, एसवीएम स्कूल टोहाना, होली हार्ट स्कूल टोहाना, मॉडल केएम स्कूल टोहाना, गुरु नानक स्कूल टोहाना, एमए स्कूल टोहाना, सागर पब्लिक स्कूल टोहाना, आदर्श स्कूल टोहाना, सेंट जोसेफ स्कूल टोहाना तथा एमयूएच जैन स्कूल टोहाना के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों, समूह नृत्यों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समारोह की सफलता का पूर्वाभास कराया।
मंच का संचालन शक्ति नेहरा और बलदेव सैनी ने सुचारू रूप से किया। इस अवसर पर बीईओ जगदीश सेवदा, प्राचार्य सुनील बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के अध्यापकगण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







