कुरुक्षेत्र, 25 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां को निर्देश देते हुए कहा कि दी किरमच को ऑपरेटिव सोसायटी में 5 कर्मचारियों की भर्ती के प्रस्ताव को रद्द करें और उनको दी गई सैलरी की रिकवरी की जाए। समिति के सामने गांव किरमच निवासी राजेश शर्मा ने शिकायत में इस भर्ती को अवैध तरीके करते हुए 5 कर्मचारियों को लगाने का आरोप लगाया था।

विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार मंगलवार को नए लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार का बैठक में पहुंचने पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बैठक के एजेंडे में शामिल 11 शिकायतों की सुनवाई करते हुए सभी 11 शिकायतों का निपटारा किया।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पानीपत निवासी राजपाल खुराना की शिकायत पर सुनवाई करते हुए पुलिस को निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस अपनी जांच जारी रखे और शिकायतकर्ता को केस से संबंधित डाक्यूमेंट उपलब्ध करवाएं। इसके साथ ही अस्पताल से अपना सामान निकालने के लिए एसडीएम को शिकायत दें, ताकि पुलिस सहायता के सामान दिलवाया जा सके। उन्होंने वार्ड नंबर 32 निवासी महाजन सिंह की शिकायत पर सुनवाई करते हुए नगर परिषद के अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह में गांव बाहरी वाली सड़क पर बरसाती पानी का नाला का बंद निर्माण सप्ताह में शुरू करवाया जाए और निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने वार्ड नंबर एक निवासी देवी दयाल जांगड़ा की शिकायत पर नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो इस मामले में नोटिस देने के साथ नियमानुसार कार्रवाई को अमल में लाएं और रास्ते का खुलवाया जाए। शिकायतकर्ता देवी दयाल जांगड़ा ने बताया कि दर्रा खुर्द में टाउन प्लानिंग स्कीम 8-ए का उल्लंघन किया जा रहा है। योजना के तहत पार्किंग व सर्विस रोड के लिए छोडी गई जगह पर होटल व दुकानें बनाई जा रही है। एक अन्य मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने रोडवेज जीएम को निर्देश दिए कि धनौरा जाटान मार्ग पर विद्यार्थियों के लिए स्पेशल इलेक्ट्रिक बस चलाई जाए।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शांति नगर निवासी राम जुवारी की शिकायत पर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि पानी की दिक्कत को दूर करने के लिए एक नए ट्यूबवेल का प्रपोजल तैयार करके भेजा जाए। इसी तरह उन्होंने शिकायतकर्ता जसप्रीत सिंह, अनिल कुमार, हरविंद्र चावला की शिकायत पर पुलिस को निर्देश देते हुए शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने के निर्देश दिए। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने सलेमपुर के रकबा में भूमि खरीद के दौरान धोखाधड़ी की गई है। अन्य मामले में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने लाडवा निवासी सुनील गुप्ता और बहादुरपुरा निवासी रजनीश की शिकायत पर सुनवाई करते हुए निपटारा किया।

डयूटी मजिस्ट्रेट लगाकर पुलिस बस के साथ लिया जाए कब्जा
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव नरकातारी सरपंच केहर सिंह की शिकायत पर उपायुक्त को निर्देश देते हुए कहा कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए एक्वायर की गई जमीन पर किए गए अवैध कब्जा का छुड़वाया जाए। इसके लिए डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया जाए और पुलस बस के साथ कब्जा छुड़वाया जाए। सरपंच केहर सिंह ने शिकायत में बताया कि 18 एकड़ से ज्यादा भूमि को सरकार ने एक्वायर किया था। यहां पर प्लांट तैयार होने के बाद खाली जगह पर पेड़ लगाए गए थे, लेकिन अब पेड़ों का खत्म किया हुआ है और खाली जगह पर खेती की जा रही है।
शिकायत पर एक महीने में इंक्वायरी करके लोकायुक्त को भेजी जाए रिपोर्ट
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दयानंद कॉलोनी निवासी राजेश कुमार की शिकायत पर जिला नगर आयुक्त को निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले की इंक्वायरी पूरी करके लोकायुक्त को रिपोर्ट भेजी जाए और जब तक लोकायुक्त का फैसला नहीं आता तब तक निर्माण कार्य व अन्य गैर कानूनी ढंग से किए जाने वाले कामों को रोका जाए। शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने शिकायत में बताया कि दयानंद कॉलोनी में रिहायशी अनुमति पर मनमानी और गैर कानूनी ढंग से प्राइवेट अस्पताल चलाया जा रहा है।
इस मौके पर थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, शाहाबाद विधायक रामकरण, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, सीईओ जिला परिषद पंकज सेतिया, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम अनुभव मेहता, एसडीएम शंभू राठी, एसडीएम गुरविंद्र सहित अन्य सरकारी और गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।






