हरियाणा, 26 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार पर प्रदेश की महिलाओं को विशेष तोहफा देने का निर्णय लिया है। इसके तहत सभी महिलाओं को हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह मुफ्त यात्रा सुविधा 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी। यात्रा के दौरान महिलाओं के साथ 15 वर्ष तक की आयु के बच्चे भी हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे।
मुफ्त यात्रा की सुविधा हरियाणा राज्य में स्थित किसी भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने के लिए मान्य होगी। इसमें दिल्ली और चंडीगढ़ तक की यात्राएं भी शामिल हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य स्तर पर संबंधित अधिकारियों और सभी जिला प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। बसों के सुचारु संचालन के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में बसों की उपलब्धता और यात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बस स्टैंडों पर मार्गदर्शन के लिए कर्मचारी तैनात
जिला महाप्रबंधकों को प्रत्येक बस अड्डे पर वर्दी में परिवहन कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे महिलाओं को उनकी मंजिल तक पहुंचने के लिए उचित मार्गदर्शन दे सकें। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस अड्डों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व है। सरकार की इस पहल से महिलाओं और उनके बच्चों को अपने परिवार के सदस्यों के साथ त्योहार मनाने के लिए आने-जाने में बेहतर सुविधा मिलेगी।






