बठिंडा, 02 सितंबर, 2026 (राजेश कुमार): पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘खेलां वतन पंजाब दियां 2026’ के चौथे सीजन की शुरुआत 5 सितंबर को बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम से होगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए।
इस बार 9 आयु वर्गों में 14 साल से लेकर 70 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में 38 खेलों को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि पहली बार पैरा खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल के मुकाबले भी होंगे।
सरकार के अनुसार, इस सीजन में करीब 10 लाख खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। पदक विजेताओं को स्वर्ण के लिए ₹10,000, रजत के लिए ₹7,000 और कांस्य के लिए ₹5,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
प्रतियोगिताओं का समापन 29 नवंबर को पटियाला में होगा। इच्छुक खिलाड़ी QR कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।





