पटियाला, 2 सितंबर,2026 (छत्रपाल सिंह): आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पन्नू ने आज यहां ऐतिहासिक माता श्री काली देवी मंदिर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ मंदिर सलाहकार प्रबंधन समिति के सदस्य सीए अजय अलीपुरिया एवं संजय सिंगला सहित पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जुनेजा भी मौजूद थे।
बलतेज सिंह पन्नू ने चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान स्वयं इस कार सेवा का जायजा ले रहे हैं तथा लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी करते हैं।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए बलतेज सिंह पन्नू ने बताया कि मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है और सभी विकास कार्य अक्टूबर महीने तक पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद मंदिर का नया एवं अनूठा स्वरूप श्रद्धालुओं के सामने आएगा।
पन्नू ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य मंदिर में नतमस्तक होने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि यह एक प्राचीन मंदिर है और इसकी बहुत बड़ी धार्मिक मान्यता है। यहां श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगती हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शौचालयों से लेकर बैठने, पीने के पानी, लंगर एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
पन्नू ने जोर देकर कहा कि सभी कार्य श्रद्धालुओं की आस्था, सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किए जा रहे हैं। आने वाले समय में श्री काली माता मंदिर न केवल पंजाब या भारत, बल्कि दुनियाभर के श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनकर उभरेगा। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
बलतेज सिंह पन्नू ने मंदिर सलाहकार प्रबंधन समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उनके साथ ओएसडी गुरविंदर सिंह, रविंदरपाल सिंह प्रिंस लांबा, सिमरन ग्रेवाल एवं अन्य नेता भी मौजूद थे।





