फतेहाबाद, 13 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने रविवार को गांव भूथन कलां में किसान संदीप ताखर के खेत पर पहुंचकर धान की फसल का जायजा लिया। विशेष बात यह रही कि कुछ समय पहले इसी खेत में प्रवीन जोड़ा ने स्वयं अपने हाथों से धान की रोपाई की थी। अब उसी खेत में लहलहाती फसल देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
प्रवीन जोड़ा ने कहा कि अपने हाथों से लगाई गई फसल को खेत में लहलहाते हुए देखना एक अलग ही आत्मिक खुशी देता है। इस खुशी और संतोष को वही व्यक्ति समझ सकता है, जिसने स्वयं खेत में मेहनत की हो। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत, मिट्टी से उसका जुड़ाव और फसल के बढ़ने की खुशी का कोई मुकाबला नहीं है।

खेत का निरीक्षण करते हुए फसल में कहीं-कहीं पत्ता मरोड़ की हल्की समस्या भी दिखाई दी, हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौसम अनुकूल रहेगा और किसानों की मेहनत रंग लाएगी, जिससे इस बार खेतों में अच्छी पैदावार होगी।
इस दौरान खेत की मेड़ पर बैठकर उन्होंने रोटी-चटनी और ठंडी लस्सी का भी आनंद लिया। उन्होंने कहा कि खेत की मेड़ पर बैठकर मिलने वाला यह देसी स्वाद और सुकून किसी फाइव स्टार होटल के खाने से कहीं अधिक खास है।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी और किसान संदीप ताखर भी मौजूद रहे।






