टोहाना, 14 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपमंडल स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक सोमवार को एसडीएम कार्यालय में एसडीएम आकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं, एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों तथा पीड़ितों को प्रदान की जा रही राहत एवं सहायता की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम आकाश शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग पर अत्याचार से संबंधित मामलों में पीड़ितों को सरकार द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता एवं अन्य लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को राहत एवं सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और सभी मामलों का संवेदनशीलता के साथ निपटारा किया जाए।
एसडीएम ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की। बैठक में अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित चार मामले विचारार्थ प्रस्तुत किए गए। समिति के गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों एवं प्रस्तावों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
एसडीएम आकाश शर्मा ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों में यदि अत्याचार अथवा दुर्व्यवहार की कोई शिकायत सामने आती है तो उस पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और कानून के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे।
बैठक में तहसील कल्याण अधिकारी विजय कुमार सहित समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य रमेश गोयल, डॉ. गोपीराम तथा अन्य संबंधित उपस्थित रहे।






