कुरुक्षेत्र 15 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में डीएलएसए द्वारा वन स्टॉप सेंटर कुरुक्षेत्र का निरीक्षण दौरा किया गया। निरीक्षण के दौरान वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस निरीक्षण के दौरान वन स्टॉप केंद्र में रह रही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित प्रावधानों तथा उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं को नि:शुल्क कानूनी सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी अवगत कराया गया तथा जरूरत पड़ने पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के माध्यम से नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में महिलाओं के रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन, पीने के पानी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। महिलाओं के लिए उपलब्ध समग्र रहन-सहन एवं कल्याणकारी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।






