हरियाणा, 20 सितंबर, 2026 ( संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने खरीफ-2026 सीजन के दौरान ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीकरण कराने से वंचित रह गए किसानों को राहत देते हुए एक और अवसर प्रदान किया है। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह पोर्टल 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक फिर से खोला जाएगा। इस अवधि के दौरान सभी पात्र किसान अपनी कृषि योग्य भूमि और फसल से संबंधित विवरण पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं या अपने संबंधित उप-मंडल अधिकारी (नागरिक) के कार्यालय में जाकर पंजीकरण करवा सकते हैं।
किसानों द्वारा दर्ज किए गए भूमि और फसल के विवरण की जांच सैटेलाइट डेटा तथा संबंधित उप-मंडल अधिकारी (नागरिक) द्वारा ग्राउंड ट्रुथिंग और मौके के निरीक्षण के माध्यम से की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर किया गया फसल पंजीकरण जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मान्य माना जाएगा। राज्य सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे पंजीकरण के समय अपनी भूमि और फसल से संबंधित पूर्ण एवं सही जानकारी ही दर्ज करें, ताकि जांच प्रक्रिया और बाद में फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी किसानों को फसल पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे।






