Tuesday, September 29, 2026
HomeHaryanaएस.डी.एम. आकाश शर्मा ने नगरपरिषद कार्यालय परिसर में आयोजित कैम्प का किया...

एस.डी.एम. आकाश शर्मा ने नगरपरिषद कार्यालय परिसर में आयोजित कैम्प का किया निरीक्षण

टोहाना, 21 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत टोहाना नगरपरिषद कार्यालय परिसर में ‘सेवा सेतु कैम्प’ का आयोजन किया गया। कैम्प में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए मौके पर आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।

एसडीएम आकाश शर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से लाभार्थियों को दी जा रही योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। एसडीएम ने कैम्प में पहुंचे नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों के बारे में भी जानकारी ली।

एसडीएम आकाश शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा सेतु कैम्प का अधिक से अधिक नागरिकों को लाभ मिले, इसके लिए आमजन को सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में सरल एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाने से नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सुविधा होती है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कैम्प में आने वाले प्रत्येक नागरिक की आवश्यकता को ध्यानपूर्वक सुना जाए तथा पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजना के लिए आवेदन करने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही, योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया के बारे में भी नागरिकों को उचित मार्गदर्शन दिया जाए।

सेवा सेतु कैम्प में सोमवार दोपहर तक 70 से अधिक नागरिकों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। नागरिकों ने अपनी आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों के स्टालों पर पहुंचकर योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा पात्रता के अनुसार विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन भी किए। कैम्प के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को योजनाओं से संबंधित जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया में भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।

कैम्प में परिवार पहचान पत्र, हरियाणा पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी, उद्यान विभाग, हरियाणा महिला विकास निगम, रोजगार विभाग, हरियाणा एग्रो कॉर्पोरेशन लिमिटेड, आयुष विभाग, सोलर सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए। इन स्टालों के माध्यम से नागरिकों को संबंधित विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

जिला समाज कल्याण अधिकारी विनोद चावला और तहसील कल्याण अधिकारी विजय कुमार ने बताया सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 22 सितंबर को जाखल में सेवा सेतु कैम्प का आयोजन किया जाएगा। कैम्प में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं के लिए आवेदन करने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments