कुरुक्षेत्र, 22 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के कुशल नेतृत्व में तथा पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योग गुरु बाबा रामदेव व कुलपति आयुर्वेद शिरोमणि आचार्य बाल कृष्ण के शुभआशीर्वाद से तथा हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ जयदीप आर्य, वाइस चेयरमैन डॉ रोशन लाल तथा रजिस्ट्रार डॉ राज कुमार जी के योग्य मार्गदर्शन में हरियाणा योग आयोग, शिक्षा विभाग, हरियाणा, योग से जुड़ी संस्थाओं तथा पतंजलि विश्वविद्यालय, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय योग के मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 17 से 23 सितंबर तक किया जा रहा है। इस शिविर के लगभग 200 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देने के लिए कुरुक्षेत्र से हरियाणा योग आयोग के वरिष्ठ सदस्य एवं भारतीय योग संस्थान की हरियाणा प्रांत इकाई के पूर्व संगठन मंत्री डॉ मनीश कुकरेजा को विशेष रूप से एक सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया।
डॉ. कुकरेजा ने अपने अनुभव सांझा करते हुए खेल खेल में योग को कैसे सिखाया जा सकता है इस पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि उनके अनुसंधान में रचित एवं परिवर्धित एबीसी ऑफ योग के चार्ट्स, हिंदी भाषी यौगिक वर्णमाला चार्ट्स, यौगिक सांप सीढ़ी खेल, यौगिक लुडो खेल तथा यौगिक शतरंज के माध्यम से आने वाली पीढ़ी के योग के सिद्धांत एवं क्रियात्मक पक्ष को बहुत ही सुगम विधि से सिखाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा रचित खेल खेल में योग विषय पर आधारित पांच शोध पत्र भी एनसीईआरटी के प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में भी प्रकाशित हो चुके हैं।
योग प्रशिक्षण सत्र में डॉ. कुकरेजा ने एबीसी ऑफ योग चार्ट की प्रथम श्रृंखला पर निर्मित लगभग 10 मिनट की वीडियो के माध्यम से योग संबंधी 26 शब्दों की सरल व्याख्या तथा क्रियात्मक अभ्यास सभी प्रतिभागियों को कराया। सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साहित होकर उनके व्याख्यान को आत्मसात किया व संयुक्त रूप से शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि वे इस विषय को प्रत्येक शिक्षा से जुड़े संस्थान के शिक्षकों व विद्यार्थियों तक लेकर जाएंगे। एक घंटे के व्याख्यान के अंत में डॉ कुकरेजा द्वारा बांसुरी वादन कर “हम होंगे कामयाब एक दिन” गीत पर मधुर बांसुरी वादन कर सभी उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभी ने करतल ध्वनि करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

आयोग के उपप्रधान डॉ. रोशन लाल, रजिस्ट्रार डॉ. राज कुमार तथा सदस्य डॉ. जयपाल शास्त्री तथा योगासन खेल संघ के सचिव डॉ. युद्धवीर द्वारा मुख्य वक्ता डॉ. कुकरेजा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डॉ. कुकरेजा द्वारा रचित एबीसी ऑफ योग चार्ट्स को स्मृति चिन्ह के रूप में कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. आरती पाल को भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता ने आयोग के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, रजिस्ट्रार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी उपस्थित प्रतिभागियों का एकाग्रता पूर्वक सत्र ने सहभागिता करने हेतु हृदय से आभार प्रकट किया। लगभग सभी प्रतिभागियों ने प्रतिपुष्टि के रूप में रचित योग प्रशिक्षण सहायक सामग्री का समर्थन करते हुए इसे शैक्षणिक पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने के लिए महत्त्वपूर्ण सुझाव दिया।






