कुरुक्षेत्र 22 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशों तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में योग, स्वास्थ्य जांच एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसी कड़ी में व्यायामशाला ग्राम ईशरगढ़ में सरपंच संदीप कुमार की उपस्थिति में योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 32 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग सहायक अनु ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं सरल योगाभ्यास करवाते हुए नियमित योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इसी प्रकार व्यायामशाला सैंसा में आयोजित योग कार्यक्रम में सरपंच कृष्ण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया। वहीं व्यायामशाला चनारथल में मुख्य अतिथि जसविंदर कौर की उपस्थिति में योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 22 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उमरी में नि:शुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर ग्राम उमरी की सरपंच मीना देवी, ग्राम वासी, महिलाएं, पुरुष, बच्चे एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर में कुल 95 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इनमें आयुर्वेदिक ओपीडी में 68 तथा होम्योपैथिक ओपीडी में 27 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।आयुर्वेदिक ओपीडी में डॉ. रीना दीवान ने मरीजों की जांच की तथा उपस्थित ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली, दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं आयुर्वेदिक घरेलू जड़ी-बूटियों के महत्व के बारे में जानकारी दी।

होम्योपैथिक ओपीडी में डॉ. भारत पराशर ने सेवाएं प्रदान कीं। आयुर्वेदिक दवाइयों का वितरण फार्मासिस्ट सत्यवीर तथा होम्योपैथिक दवाइयों का वितरण फार्मासिस्ट रीना द्वारा किया गया। डॉ. मंजू शर्मा ने ग्रामीणों को औषधीय पौधे वितरित किए तथा सरपंच श्रीमती मीना देवी के साथ पौधारोपण भी किया। वहीं योग सहायक हरदीप द्वारा योग सत्र आयोजित कर ग्रामीणों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में पार्ट टाइम कर्मचारी जसमेर एवं ऋषिपाल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संदर्भ में जानकारी देते हुए जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित न रहकर लोगों को निरंतर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस 2026 के अवसर पर आयुर्वेदा फॉर हेल्थीयर टुमारो थीम के अंतर्गत 23 सितंबर को हिंदू हाई स्कूल लाडवा में प्रात: 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विशेष नि:शुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में नि:शुल्क ओपीडी एवं दवाइयां, मधुमेह एवं बीपी की जांच, बीएमडी तकनीक द्वारा कैल्शियम की जांच तथा बच्चों के लिए नि:शुल्क स्वर्ण प्राशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। आयुष विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले की व्यायामशालाओं, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर योग, स्वास्थ्य जांच, औषधीय पौधों के वितरण, पौधारोपण एवं स्वास्थ्य जागरूकता जैसी गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही है।






