Monday, September 28, 2026
HomeHaryana11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुष विभाग कुरुक्षेत्र द्वारा भव्य...

11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुष विभाग कुरुक्षेत्र द्वारा भव्य एवं नि:शुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन

लाडवा, 23 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा):  11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के पावन अवसर पर आयुष विभाग कुरुक्षेत्र द्वारा महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशों एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र जिले में विभिन्न स्थानों पर नि:शुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविरों, जागरूकता कार्यक्रमों एवं औषधीय पौधों के वितरण का विशेष आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को आयुर्वेद, प्राकृतिक संतुलन, योग एवं निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक करना था। हिंदू हाई स्कूल लाडवा में 11वें आयुर्वेद दिवस का मुख्य समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा उपस्थित रहीं। उनके साथ हिंदू हाई स्कूल लाडवा के चेयरमैन पवन गर्ग, हरप्रीत सिंह चीमा, अरविंद सिंगला, पूनम, ईश्वर चंद गोयल, रेखा गर्ग तथा ब्रह्मकुमारी ज्योति दीदी विशेष अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ हिंदू हाई स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत से हुआ। इस अवसर पर शहीदी दिवस की पावन स्मृति में वीर शहीदों को नमन करते हुए विद्यार्थियों द्वारा एक भावपूर्ण नाटक की प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. रेणुका (औषधीय पौधों पर व्याख्यान), डॉ. पिंकी, डॉ. संदीप एवं डॉ. मोनिका ने उपस्थित जनसमूह के साथ आयुर्वेदिक जीवनशैली के सिद्धांतों एवं इसके दैनिक जीवन में महत्व पर अपने विचार साझा किए। डॉ. मोनिका द्वारा विद्यार्थियों को पोषण एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और शिविर में अग्निकर्म चिकित्सा की जानकारी एवं सेवाए दी। स्वर्णप्राशन शिविर में विद्यार्थियों एवं बच्चों को डॉ. विवेक लोहान एवं डॉ. पारिका द्वारा स्वर्णप्राशन की सेवा प्रदान की गई। शिविर में 104 विद्यार्थियों एवं बच्चों ने लाभ लिया। आयुष विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 291 लोगों ने ओपीडी सेवाओं का लाभ लिया, जिसमें 190 आयुर्वेदिक एवं 101 होम्योपैथिक ओपीडी शामिल रही। शिविर में 8 अग्निकर्म, 49 बीएमडी जांच तथा 103 बच्चों का स्वर्णप्राशन किया गया।कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयुष विभाग की योग टीम द्वारा उपस्थित लोगों को रोगानुसार योगाभ्यास करवाया गया तथा कार्यक्रम के समापन पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
आयुष ग्राम कलाल माजरा में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं योग सत्र
इसी क्रम में आयुष ग्राम कलाल माजरा में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरपंच सोहन लाल जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. संतोष (एएमओ) ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को दिन और रात की प्राकृतिक समता शरीर के तीनों दोषों वात, पित्त और कफ के संतुलन का प्रतीक है, जो कि स्वस्थ जीवन का मूल आधार है। शिविर में पशु चिकित्सा शल्य चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र मोहन ने पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण में आयुर्वेदिक औषधियों के महत्व और उपयोग पर व्याख्यान दिया।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान डॉ. संतोष द्वारा 68 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सीय परामर्श दिया गया तथा फार्मासिस्ट धर्मबीर द्वारा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही 20 मरीजों की आरबीएस स्क्रीनिंग तथा 45 मरीजों की बीपी स्क्रीनिंग की गई। आयुष योग सहायक अनु एवं राय सिंह द्वारा 52 लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए रोगानुसार योग और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। शिविर के सफल आयोजन में बेबी रानी, अशोक कुमार (पार्ट टाइम) ने सक्रिय योगदान दिया। इस अवसर पर रीना रानी, चेतन शर्मा, जगदीश कश्यप, रघुबीर सिंह सहित अनेक ग्रामीण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयुष विभाग द्वारा जनसामान्य में औषधीय पादपों की पहचान, उपयोग एवं संरक्षण के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता व्याख्यान तथा पहचान शिविर का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं घरेलू उपचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आम नागरिकों को 200 औषधीय पौधों का नि:शुल्क वितरण भी किया गया। इन सभी आयोजनों के माध्यम से आयुष विभाग कुरुक्षेत्र ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा, योग एवं संतुलित जीवनशैली अपनाकर एक स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments