गुरुग्राम, 27 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने श्री अशोक सिंघल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, अपना समय और अपना पूरा जीवन भारत की सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने के लिए समर्पित कर दिया। श्री राम जन्मभूमि आंदोलन में भी उन्होंने व्यापक जनसंपर्क और संगठन के माध्यम से इस आंदोलन को देश के अनेक हिस्सों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने ये बातें रविवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित अशोक सिंघल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। इससे पहले उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में अशोक सिंघल जी पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा और नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा मौजूद रहीं।
युवाओं के लिए प्रेरणा है अशोक सिंघल जी का जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ महापुरुषों का जीवन ऐसा होता है, जिनकी प्रेरणा समय के साथ और गहरी होती जाती है। उनके आदर्श भविष्य की पीढ़ियों को दिशा देते हैं और उनके त्याग से समाज को शक्ति मिलती है। अशोक सिंघल जी का जीवन युवाओं के लिए भी बड़ी सीख है। उन्होंने निजी प्रगति के अवसरों के बजाय अपने ज्ञान और क्षमता को समाज के कार्यों में लगाने का मार्ग चुना।
सांस्कृतिक एकता और सामाजिक जुड़ाव को दिया महत्व
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अशोक सिंघल जी ने संतों, धर्माचार्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम परिवारों को व्यापक सांस्कृतिक उद्देश्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत की भाषाओं, पहनावे और परंपराओं में विविधता होने के बावजूद सांस्कृतिक साझेदारी की भावना हमारी विशेषता है।
उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल जी के जीवन से आपसी संवाद बढ़ाने, विश्वास मजबूत करने और समाज में सहयोग की भावना विकसित करने की प्रेरणा मिलती है।
भारतीय ज्ञान परंपरा को समझने की युवाओं से अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी परंपराओं को समझना, प्रश्न पूछना, मूल ग्रंथों को पढ़ना और विद्वानों के साथ संवाद करना युवाओं के व्यक्तित्व को समृद्ध बनाता है। अपनी विरासत का ज्ञान आत्मविश्वास देता है और दुनिया से सीखने तथा दुनिया को कुछ नया देने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि मजबूत जड़ों वाला पेड़ ही आसमान की ओर ऊंचा उठता है।

जन्म शताब्दी कार्यक्रमों को सेवा कार्यों से जोड़ने की अपील
मुख्यमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद और सामाजिक संस्थाओं से जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को सेवा कार्यों से जोड़ने की अपील की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में सहयोग, रक्तदान, जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सहायता पहुंचाने, पौधरोपण और लगाए गए पौधों की देखभाल करने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए संवाद जैसे कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
सांस्कृतिक गौरव के साथ अच्छे आचरण का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक सिंघल जी की स्मृति में आयोजित यह समारोह समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से अपनी दक्षता को निखारने, शिक्षकों से बच्चों में संस्कार विकसित करने, उद्यमियों से रोजगार के अवसर बढ़ाने और सामाजिक संगठनों से जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हमारा सांस्कृतिक गौरव हमारे अच्छे आचरण में दिखाई देना चाहिए और हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारे आसपास कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
अशोक सिंघल जी के सपनों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : आचार्य लोकेश मुनि
आचार्य लोकेश मुनि ने अशोक सिंघल जी के जीवन और उनके संकल्पों को याद करते हुए कहा कि उनका सपना अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर, मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर और काशी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का भव्य निर्माण देखना था।

उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण अशोक सिंघल जी के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर और काशी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े उनके संकल्पों को आगे बढ़ाना ही अशोक सिंघल जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि उनके विचारों और संकल्पों को आगे बढ़ाते हुए भारतीय संस्कृति, आस्था और विरासत के प्रति जागरूकता को मजबूत करना समाज की जिम्मेदारी है।
समारोह में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महासचिव बजरंग लाल बागड़ा, गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कौशिक, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चिलाना सहित अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और युवा मौजूद रहे।






