Sunday, October 11, 2026
HomeHaryanaएशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों की सुनहरी चमक, देश का बढ़ाया...

एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों की सुनहरी चमक, देश का बढ़ाया मान – डॉ. अरविंद शर्मा

हरियाणा, 3 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा के सहकारिता, जेल, पर्यटन, विरासत एवं चुनाव मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की मिट्टी के खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हरियाणा देश की खेल शक्ति है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे को सबसे ऊपर पहुंचाने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि रोहतक की परवीन हुड्डा, हिसार के अंकुश पंघाल, चरखी दादरी के सुजीत कलकल और जींद की कीर्ति शर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का नाम रोशन किया है। मुक्केबाजी के रिंग से लेकर कुश्ती के अखाड़े और तीरंदाजी के मैदान तक हरियाणा के खिलाड़ियों की सुनहरी चमक दिखाई दी है।

उन्होंने कहा कि निशानेबाजी में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया है। रेवाड़ी के कमलजीत और झज्जर की सुरुचि ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम मुकाबले में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी तरह स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम में हरियाणा के आठ खिलाड़ियों की भागीदारी अपने आप में प्रदेश की मजबूत खेल संस्कृति का प्रमाण है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को लेकर माहौल बदला है। वहीं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश की खेल नीति का उद्देश्य गांवों की प्रतिभाओं को अवसर देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा के गांवों और सामान्य परिवारों से निकलकर हमारे बेटे-बेटियां जब एशियन गेम्स के मंच पर तिरंगे को सबसे ऊपर ले जाते हैं तो यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का पल होता है। हमारे खिलाड़ियों की मेहनत, परिवारों का त्याग और प्रदेश में बनी मजबूत खेल संस्कृति इस सफलता की असली ताकत है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने पर विशेष जोर दे रही है। खिलाड़ियों की ये उपलब्धियां प्रदेश के हजारों युवाओं को मैदान में उतरने और देश के लिए पदक जीतने की प्रेरणा देंगी।

डॉ. अरविंद शर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके कोचों और परिवार के सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले मुकाबलों में भी हरियाणा के खिलाड़ी देश की झोली में और अधिक पदक डालकर प्रदेश का मान बढ़ाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments