नई दिल्ली, 30 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): दिलजीत दोसांझ के आज जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाने का फैसला किया है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और गुरुग्राम रैपिड मेट्रो को छोड़कर अन्य सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेनें आधी रात तक चलेंगी। कॉन्सर्ट में लगभग 70 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
DMRC के अनुसार, कॉन्सर्ट समाप्त होने के बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें चलाई जाएंगी। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन (वायलेट लाइन) पर अतिरिक्त कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर भी यात्रियों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा स्टेशनों पर सुरक्षा जांच बढ़ाई जाएगी और मेट्रो सारथी ऐप के जरिए क्यूआर टिकट खरीदने की समय सीमा भी एक घंटे बढ़ाई जाएगी। DMRC ने कॉन्सर्ट में आने वाले प्रशंसकों से निजी वाहनों के बजाय मेट्रो से यात्रा करने की अपील की है।






