जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण बहाली को बढ़ावा देने के लिए ‘सीड्स ऑफ चेंज’ पहल: जोनीता डोडा
पटियाला, 30 अक्टूबर,2026 (छत्रपाल सिंह): आई. जे. डोडा फाउंडेशन ने पर्यावरण प्रेमी एवं फाउंडेशन की अध्यक्ष जोनीता डोडा के नेतृत्व में आज यहां सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, सिविल लाइंस में ‘पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम 2026-27’ के तहत ‘सीड बॉल्स के माध्यम से हरियाली बढ़ाना’ विषय पर एक कार्यशाला आयोजित की। फाउंडेशन ने भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सहयोग से तथा पंजाब स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी की राज्य स्तरीय नोडल एजेंसी के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जोनीता डोडा ने फाउंडेशन के ‘मुनाफे से पहले पृथ्वी’ (Planet Over Profit) के सिद्धांत के तहत जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण में सार्थक बदलाव की शुरुआत जागरूकता और शिक्षा से होती है तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से इसे आगे बढ़ाया जा सकता है।
‘सीड बॉल’ विशेषज्ञों निर्मल डोगरा, सुनील कुमार और संदीप कुमार ने विद्यार्थियों को सीड बॉल तैयार करने की विधि का प्रदर्शन करके दिखाया। उन्होंने बताया कि ये सीड बॉल वनस्पति के विकास और पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली में किस प्रकार सहायक हो सकते हैं। इस अवसर पर सीखने की प्रक्रिया को रोचक और संवादात्मक बनाने के लिए एक मैत्रीपूर्ण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
जोनीता डोडा ने बताया कि अपनी ‘सीड्स ऑफ चेंज’ पहल के तहत फाउंडेशन हजारों सीड बॉल तैयार करने की योजना बना रही है। इन्हें तीन जिलों में पर्यावरण की दृष्टि से उपयुक्त स्थानों पर बिखेरा जाएगा, जिनमें शिवालिक पहाड़ियों के चयनित क्षेत्र भी शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य हरित आवरण को बढ़ावा देना और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली में योगदान देना है।
जोनीता डोडा ने कार्यशाला के आयोजन में सहयोग के लिए स्कूल की प्रिंसिपल सीमा उप्पल, डिप्टी डीईओ रविंदर पाल सिंह तथा स्कूल के शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर फाउंडेशन की ट्रस्टी जसविंदर डोडा, हर्षदीप डोडा, स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी और अन्य प्रतिभागी भी उपस्थित थे।






