अमृतसर,28 जून,2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि तीर्थ के निकट माता जानकी और भगवान लव-कुश का भव्य मंदिर बनाने की घोषणा की। यह घोषणा उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करने की दिशा में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पंजाब को इस बात का गौरव प्राप्त है कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम के पुत्र लव और कुश का जन्म अमृतसर की पावन धरती पर हुआ था। इसी आस्था को ध्यान में रखते हुए सरकार ने भगवान वाल्मीकि तीर्थ के समीप माता जानकी तथा भगवान लव-कुश का भव्य मंदिर बनाने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। साथ ही यह क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी सहायक सिद्ध होगी।






