शिमला, 28 जून,2026 : शिमला पुलिस ने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 13 वर्ष पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी (पीओ) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसे न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना रामपुर में वर्ष 2013 में दर्ज मुकदमा संख्या 104/2013 में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 452, 323, 341, 504, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले का आरोपी देवेंद्र शर्मा (45), पुत्र जवाहर लाल, निवासी गांव धरागड़ा, डाकघर शोली, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला, लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। इसके चलते माननीय एसीजेएम रामपुर ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
शिमला पुलिस की विशेष मुहिम के दौरान थाना रामपुर और पीओ सेल, पुलिस उपमंडल रामपुर की संयुक्त टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाया। योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 27 जून 2026 को उसे गांव खूणा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार माननीय एसीजेएम रामपुर की अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उसके खिलाफ आगे की न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून से बचने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और अदालत के आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाती रहेगी। पुलिस ने कहा कि लंबे समय तक फरार रहने वाले अपराधियों को भी अंततः न्याय के दायरे में लाया जाएगा।






