Thursday, August 27, 2026
HomeHaryanaमहेंद्रगढ़ की पेयजल परियोजना को 284 करोड़ की मंजूरी

महेंद्रगढ़ की पेयजल परियोजना को 284 करोड़ की मंजूरी

महेंद्रगढ़ के 39 गांवों और नांगल चौधरी में 284.18 करोड़ की पेयजल परियोजना को मंजूरी

हरियाणा, 31 जुलाई,2026 (सजीव सिंगला): हरियाणा के जन स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में महेंद्रगढ़ जिले के 39 गांवों और नांगल चौधरी नगर क्षेत्र में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 284.18 करोड़ रुपये की व्यापक पेयजल संवर्धन योजना को तकनीकी मंजूरी प्रदान कर दी गई है। गुरुवार को नारनौल में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने बताया कि इस परियोजना को तीन पैकेजों में लागू किया जाएगा। पहले पैकेज के तहत 53.47 करोड़ रुपये की लागत से कार्य आवंटित किया जा चुका है और जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत सिरोही बहाली, मुसनोता और असरावास में तीन नए स्वतंत्र जलघर (वाटर वर्क्स) बनाए जाएंगे। इसके अलावा नांगल दरगू और नांगल चौधरी (मोहनपुर) स्थित मौजूदा जलघरों के लिए कच्चे पानी की नई राइजिंग मेन लाइन भी बिछाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि दूसरे और तीसरे पैकेज की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। दूसरे पैकेज में असरावास जलघर और राइजिंग मेन लाइन के लिए 30.69 करोड़ रुपये तथा तीसरे पैकेज में मुसनोता जलघर, नांगल दरगू और नांगल चौधरी में दूसरे लिफ्टिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 41.12 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

रणबीर सिंह गंगवा ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग करने और निर्धारित 540 दिनों की समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग ने महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल शहर के लिए लगभग 34.62 करोड़ रुपये की लागत से नई डिस्पोजल प्रणाली के निर्माण और शेष गलियों में नई सीवर लाइन बिछाने की परियोजना तैयार की है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 34.62 करोड़ रुपये है तथा इसे 365 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से शहरवासियों को सीवरेज की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन गोबिंद भारद्वाज, महिला आयोग की सदस्य भारती सैनी, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, सरला यादव, सरोज बाला, कैलाशवती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments