हरियाणा, 6 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला) – हरियाणा सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करने के साथ-साथ एक नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने को मंजूरी प्रदान की है। सरकार के इस फैसले से अंबाला और रेवाड़ी जिलों के हजारों ग्रामीणों को अपने नजदीकी क्षेत्रों में ही बेहतर और आधुनिक इलाज की सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2 मार्च 2026 को पेश किए गए बजट के दौरान जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। उन घोषणाओं को अमलीजामा पहनाते हुए मुख्यमंत्री ने अंबाला जिले के पंजोखरा साहिब स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में अपग्रेड करने के प्रस्ताव को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।
इस अस्पताल के अपग्रेड होने से पंजोखरा साहिब और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आपातकालीन सेवाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों और बेहतर इनडोर मरीज सुविधाओं का लाभ अपने घर के नजदीक ही मिल सकेगा।
इसके साथ ही, स्वास्थ्य मंत्री ने दूसरे महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी जिले के गांव सांगवाड़ी में एक नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खोलने को भी मंजूरी दे दी है। सांगवाड़ी में नई पीएचसी खुलने से इस क्षेत्र के ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज और प्राथमिक जांच के लिए दूर-दराज के शहरों या बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सरकार के इन दोनों फैसलों से ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक आसान एवं मजबूत होगी।






