6 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन सदन की कार्यवाही के दौरान स्वास्थ्य और राशन वितरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सदन को बताया कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए जल्द ही 700 नई नर्सों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन चयनित नर्सों को शनिवार को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
वहीं, आम आदमी पार्टी के विधायक गुरदित्त सिंह ने राशन वितरण व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दूसरे राज्यों से आए प्रवासी मजदूर आधार कार्ड के जरिए पंजाब में राशन प्राप्त कर रहे हैं। उनका कहना था कि इससे राज्य के पात्र लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रवासी मजदूरों के लिए अलग कोटा निर्धारित करने की मांग की। इस पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2023 में राशन कार्डों का सत्यापन किया गया था, जिसके कारण कुछ समय के लिए लाभार्थियों की संख्या में कमी आई थी। वर्ष 2024 में पात्र राशन कार्डों को दोबारा बहाल कर दिया गया और फिलहाल लाभार्थियों की केवाईसी प्रक्रिया जारी है।
मंत्री ने कहा कि ‘वन नेशन-वन राशन कार्ड’ योजना के तहत देश का कोई भी पात्र नागरिक किसी भी राज्य में अपने राशन कार्ड से अनाज प्राप्त कर सकता है। इसलिए प्रवासी मजदूरों को राशन मिलने से पंजाब के लोगों के अधिकार प्रभावित नहीं होते। उन्होंने यह भी बताया कि नए राशन कार्ड बनाने के लिए पोर्टल 11 अगस्त से खुला हुआ है। पात्र नागरिक ऑनलाइन या निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अब तक करीब 10 लाख नए राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
सदन में स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने डिपो धारकों की दुकानों में बैठने की व्यवस्था और लंबी कतारों का मुद्दा भी उठाया। इस पर विधायक संदीप जाखड़ ने अधिक मशीनें उपलब्ध कराने की मांग की। जवाब में मंत्री कटारूचक्क ने कहा कि मशीनों की कोई कमी नहीं है और सरकार 4,400 नए राशन डिपो खोल रही है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।






