हरियाणा, 6 अगस्त,2026 (संजीव सिंगला): हरियाणा सरकार ने चंडीगढ़ और पंचकूला स्थित सरकारी मकानों के आवंटन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और पात्र कर्मचारी https://awas.haryanapwd.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।
आउट ऑफ टर्न अलॉटमेंट (चिकित्सा आधार) के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने या आवेदन अपडेट करने तथा प्राथमिकताएं भरने की अंतिम तिथि 12 अगस्त, 2026 (रात 11:59 बजे तक) निर्धारित की गई है। वहीं सभी श्रेणियों के आवेदकों के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने, आवेदन अपडेट करने और आवास की प्राथमिकता भरने की अवधि 24 अगस्त, 2026 (रात 11:59 बजे तक) रहेगी।
पोर्टल पर अस्थायी वरिष्ठता सूची (प्रोविजनल सिनियोरिटी लिस्ट) 27 अगस्त, 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इस सूची पर आपत्तियां और दावे 31 अगस्त से 2 सितंबर, 2026 (रात 11:59 बजे तक) दर्ज कराए जा सकेंगे। अंतिम वरिष्ठता सूची 14 सितंबर, 2026 को जारी की जाएगी, जबकि सरकारी आवासों के आवंटन की प्रक्रिया 25 सितंबर, 2026 से शुरू होगी।
आवेदकों को सलाह दी गई है कि मौजूदा आवंटन चक्र के लिए आवेदन करने या प्राथमिकता भरने से पहले वे अपने संबंधित विभाग या कार्यालय के माध्यम से एच.आर.एम.एस (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) में उपलब्ध अपने विवरण को अवश्य अपडेट करवा लें। आवेदकों की वरिष्ठता सूची एचआरएमएस पोर्टल से प्राप्त विवरण के आधार पर तैयार की जाएगी।
आवास पोर्टल पर आवेदन जमा करने या अपडेट करने के बाद एचआरएमएस डेटा में किसी भी संशोधन या वरिष्ठता से संबंधित किसी आपत्ति या दावे पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके लिए आवेदक स्वयं जिम्मेदार होंगे।






