मलेरकोटला, 12अगस्त,2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मलेरकोटला में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की नवनिर्मित पांच मंजिला इमारत का उद्घाटन किया। करीब 6.34 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस भवन को उन्होंने बेटियों की शिक्षा के लिए स्वतंत्रता के 80वें वर्ष के अवसर पर खास तोहफा बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों का NEET और 361 विद्यार्थियों का JEE पास करना इस दिशा में हुई प्रगति का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि छात्राओं की पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रहे, इसके लिए 15 हजार से अधिक छात्राओं को विशेष बस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
मलेरकोटला के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज को केंद्र और पंजाब सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। कॉलेज के लिए जमीन भी तय हो गई है और अब इसके निर्माण की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा।
भगवंत मान ने अभिभावक-शिक्षक मिलनी का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली बैठक में करीब 24 लाख अभिभावक स्कूलों में पहुंचे और अपने बच्चों की पढ़ाई व प्रगति के बारे में शिक्षकों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर करना और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।






