अंबाला, 14 अगस्त 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने आज मिलिट्री अस्पताल और सिविल अस्पताल का दौरा कर अंबाला कैंट में हाईवे जाम खुलवाने के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। DGP ने डॉक्टरों से घायल जवानों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली और उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने सभी घायलों के जल्द और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस अपने जवानों के साथ पूरी तरह खड़ी है।
हाईवे जाम खुलवाते समय पुलिस पर हमला
अंबाला कैंट में हाईवे पर लगे जाम को हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में करीब 6 से 7 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की आवाजाही सुचारू करने के लिए संयम के साथ कार्रवाई करते हुए स्थिति पर काबू पाया और हाईवे पर यातायात बहाल करवाया।
घायल पुलिसकर्मियों में डी.एस.पी. वीरेंद्र शर्मा, कांस्टेबल रक्षित और नवीन कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सहायक सब-इंस्पेक्टर सतीश और ए.एस.आई. पंकज शामिल हैं। डी.एस.पी. वीरेंद्र शर्मा के अंगूठे में गंभीर चोट लगी है, जबकि ए.एस.आई पंकज की उंगलियों पर चोटें आई हैं। इसके अलावा कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता
DGP अजय सिंघल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी हिम्मत और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अपनी शिकायतें और मांगें शांतिपूर्ण तरीके से उठाएं, कानून को अपने हाथ में न लें और सार्वजनिक सड़कों पर यातायात बाधित करने से बचें।
इस अवसर पर आई.जी.पी. पंकज नैन, डिप्टी कमिश्नर सचिन गुप्ता और एस.डी.एम कनिका गोयल भी मौजूद रहे।






