14 अगस्त ,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार ने सरकारी सेवाओं में पुनर्नियुक्ति (री-एम्प्लॉयमेंट) से जुड़े मामलों की जांच और सिफारिश के लिए पहले से गठित समिति में आंशिक संशोधन करते हुए नई समिति का गठन किया है। यह समिति अपनी सिफारिशें संबंधित प्रशासनिक विभागों को प्रस्तुत करेगी, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री सुधीर राजपाल, डॉ. सुमिता मिश्रा और श्री विनीत गर्ग को समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
यह समिति पुनर्नियुक्ति से जुड़े व्यक्तिगत मामलों के साथ-साथ प्रशासनिक विभागों द्वारा भेजे जाने वाले किसी वर्ग या श्रेणी के कर्मचारियों से संबंधित मामलों की भी जांच करेगी। ऐसे मामलों में पुनर्नियुक्ति पर तभी विचार किया जाएगा, जब इसे जनसेवाओं की प्रभावी डिलीवरी और संबंधित विभागों के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए आवश्यक माना जाए।
गौरतलब है कि यह समिति पहले 20 जून 2025 को गठित की गई थी, जिसमें 5 सितंबर 2025 को भी संशोधन किया गया था।






