Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaकुलां में तिरंगा यात्रा ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश, सांसद सुभाष बराला...

कुलां में तिरंगा यात्रा ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश, सांसद सुभाष बराला ने ग्रामीणों व युवाओं के साथ लिया हिस्सा


कुलां/ टोहाना,14 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा):
  विधानसभा टोहाना के गांव कुलां में ‘हर घर तिरंगा–हर मन तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा में राष्ट्रभक्ति का जोश देखने को मिला। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर ग्रामवासियों एवं युवाओं के साथ देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भारत माता के जयकारों से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव, स्वाभिमान और वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक भारतीय के मन में देश के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। तिरंगा यात्रा में ग्रामीणों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि आज हर भारतीय के हृदय में राष्ट्र सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को नमन करने का भी अवसर है। हमें उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। युवाओं को विशेष रूप से देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में आगे आना चाहिए।

सांसद ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा–हर मन तिरंगा’ का संकल्प केवल घरों पर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

तीज महोत्सव में शामिल होकर बहनों को दी शुभकामनाएं
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने गांव कुलां में आयोजित तीज महोत्सव कार्यक्रम में भी शिरकत की और क्षेत्र की बहनों को हरियाली तीज की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणवी संस्कृति अपनी सरलता, जीवंतता और पारंपरिक मूल्यों के लिए विशेष पहचान रखती है। तीज जैसे पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के साथ समाज में खुशियां और अपनापन बढ़ाते हैं। उन्होंने सभी बहनों एवं क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गणमान्य लोगों ने भी लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा और तीज महोत्सव कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बीडीपीओ राहुल श्योकंद, एसडीओ बलवान सिंह, सरपंच रूपाली, सरपंच प्रतिनिधि बंटी सिंगला, नामी नागरा, हीरा गिल, सरदारी लाल शर्मा, बलदेव धारसूल, चेयरमैन हेमराज, पूर्व सरपंच काला नागरा, राजकुमार फौजी, बलबीर सिंह, एबीपीओ अरुण कुमार, पूर्व सरपंच बॉबी नागरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, ग्रामीण और युवा मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments